Kalyan Singh merged in Panchtatva- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर सोमवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। बुलंदशहर जिले के नरौरा में गंगा नदी के तट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। कल्याण सिंह के पुत्र और एटा से भाजपा सांसद राजवीर सिंह ने ‘जय श्री राम’ और ‘कल्याण सिंह अमर रहे’ के नारों के बीच मुखाग्नि दी। कल्याण सिंह के पौत्र राज्यमंत्री संदीप सिंह भी मुखाग्नि प्रक्रिया में शामिल हुए।
इससे पहले पार्थिव शरीर को अलीगढ़ के अतरौली स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह से एक लंबे काफिले के साथ नरौरा लाया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अतरौली में कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
नरौरा घाट पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी, मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट समेत कई प्रमुख नेताओं ने कल्याण सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित कर अंतिम विदाई दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत राज्य के कई प्रमुख नेता शव यात्रा के साथ लगातार बने रहे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की ओर से राजनाथ सिंह, उप राष्ट्रपति की ओर से स्मृति ईरानी और प्रदेश की राज्यपाल की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्प चक्र अर्पित किया।
यह भी पढ़ें: Kalyan Singh Passes away after Prolonged illness- पीएम समेत बीजेपी के बड़े नेता पहुंचे अंतिम दर्शन को
अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में रखा गया था अंतिम दर्शन के लिये

बीते शनिवार को लखनऊ के एसजीपीजीआई में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उनके निधन के बाद रविवार को उनका पार्थिव शरीर लखनऊ स्थिति भाजपा कार्यालय पर रखा गया था, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, सहित सत्ता पक्ष और विपक्षी नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं आज उनके गृह जिले अलीगढ़ के अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में रखा गया, जहां प्रदेश, जिले सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कल्याण सिंह के नाम पर सड़कों के नाम

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “अयोध्या में राम जन्मभूमि की ओर जाने वाली सड़क का नाम यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह के नाम पर रखा जाएगा। (UP govt announces road named after him in Ayodhya) अयोध्या के अलावा लखनऊ, प्रयागराज, बुलंदशहर और अलीगढ़ में एक-एक सड़क का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा।” उन्होंने कहा, “उनके सम्मान में अयोध्या, लखनऊ, अलीगढ़, एटा, बुलंदशहर और प्रयागराज में एक-एक महत्वपूर्ण सड़क का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। राम मंदिर निर्माण में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से दस्तावेजों का मसौदा तैयार करने का निर्देश दिया गया है।”