Himachal hot seat by-election 2021-कांग्रेस हाईकमान ने हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय सहित तीन विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों की मंगलवार को घोषणा कर दी। पार्टी की कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चारों प्रत्याशियों पर मुहर लगाते हुए मंडी से प्रतिभा वीरभद्र सिंह, अर्की से संजय अवस्थी, जुब्बल कोटखाई से रोहित ठाकुर और फतेहपुर से भवानी सिंह को उम्मीदवार घोषित किया। हाईकमान ने अर्की से ब्राह्मण और अन्य तीनों सीटों पर राजपूत प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे हैं। अब भाजपा भी एक-दो दिन में प्रत्याशियों का एलान करेगी। अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव और कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के प्रभारी मुकुल वासनिक ने चारों प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी कर दी है।
लोकसभा चुनाव लड़ेंगी प्रतिभा
मंडी संसदीय क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी और पूर्व सांसद प्रतिभा वीरभद्र सिंह लोकसभा उपचुनाव लड़ेंगी। यह सीट भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन से खाली हुई है। प्रतिभा सिंह पहले भी इस सीट से सांसद रही हैं। इस बार उनके नाम के साथ पार्टी ने वीरभद्र जोड़ा है। वहीं, अर्की विधानसभा सीट से संजय अवस्थी को कांग्रेस ने उतारा है। यह सीट पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र के निधन के बाद रिक्त हुई है।
यह भी पढ़ें- Farewell to the King Virbhadra- पहले विक्रमादित्य का राजतिलक, फिर राजा को अंतिम विदाई
Himachal hot seat by-election 2021
वहीं, जुब्बल कोटखाई से पूर्व विधायक रोहित ठाकुर को उपचुनाव लड़ाया जा रहा है। इससे पहले वह इस सीट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन भाजपा नेता नरेंद्र बरागटा से चुनाव हार गए थे। यह सीट बरागटा के निधन से खाली हुई है। फतेहपुर से कांग्रेस ने भवानी सिंह को मैदान में उतारा है। यह सीट भवानी सिंह के पिता कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया के निधन के बाद रिक्त हुई है। आठ अक्तूबर को मंडी में प्रतिभा सिंह नामांकन पत्र भरेंगी। इस दौरान पार्टी के दिग्गज नेता उनके साथ मौजूद रहेंगे, जबकि अन्य उम्मीदवारों के नामांकन के दौरान भी पार्टी नेताओं की ड्यूटी लगाई गई है।
उपचुनाव के लिए कांग्रेस तैयार: राठाैर
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि प्रदेश में होने जा रहे उपचुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह तैयार और एकजुट है। भाजपा अंतर्कलह से ग्रस्त प्रत्याशियों को लेकर अभी तक माथापच्ची कर रही है। राठौर ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वह कांग्रेस के समय और अपने इस समय की खाद्य और अन्य वस्तुओं, तेल, पेट्रोल, डीजल के मूल्यों की सूची को जारी करें। सरकार न तो कभी बेरोजगारी की कोई बात करती है, न ही महंगाई की। सरकारी नौकरियों में बाहरी लोगों की नियुक्तियों से प्रदेश के बेरोजगारों के साथ एक बड़ा धोखा किया जा रहा है।
बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू-राठौर
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। प्रदेश में नगर निकाय चुनावों से लेकर जिला परिषद, प्रदेश विवि में गैर शिक्षक कर्मचारी, अधिकारी और अन्य संगठनों के चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार जीत हासिल की है।
इससे साफ है कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन और सरकार बदलाव की लहर चल पड़ी है। प्रदेश में चार उपचुनावों से कांग्रेस का जीत का सिलसिला शुरू होगा, जो अगले साल 2022 में विधानसभा चुनावों में भी जारी रहेगा।