Chandigarh MC Results- चंडीगढ़ नगर निगम (Chandigarh Municipal Corporation) चुनाव के नतीजे घोषित किए जा चुके हैं। इसमें आम आदमी पार्टी ने परचम लहरा दिया है। वह सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। वहीं बीजेपी दूसरे नंबर पर रही। पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए यह चुनाव भी बेहद खास माना जा रहा था। चंडीगढ़ नगर निगम के कुल 35 वार्ड में 24 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। इन वार्ड में कुल 203 उम्मीदवार चुनाव लड़े थे।
बीजेपी के मेयर भी हार गये
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में सोमवार को आए परिणाम चौंकाने वाले रहे। सत्तासीन भाजपा को पहली बार मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी ने मात दे दी। राजनीतिक माहिरों के अनुसार, पंजाब चुनाव के लिए आप की तरफ से की गई मुफ्त की योजनाओं का चंडीगढ़ चुनाव पर काफी प्रभाव पड़ा है। केजरीवाल का मुफ्त पानी और बिजली वाला मॉडल चंडीगढ़ के लोगों को भी पसंद आ गया है। इस जीत से उत्साहित आप अब पंजाब चुनाव में पूरे जोश के साथ उतरेगी।
Chandigarh MC Results-आप का मुफ्त कार्ड चला
- आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ को फिर से सबसे साफ बनाने और 20 हजार लीटर मुफ्त पानी का वादा किया था।
- वहीं पंजाब में आप ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली, हर महिला को प्रतिमाह एक हजार रुपये, फ्री इलाज, फ्री शिक्षा समेत कई तरह के वादे किए हुए हैं।
- केजरीवाल ने पंजाब के लोगों से वादा किया है कि उन्हें सारी दवाइयां और सभी टेस्ट समेत इलाज मुफ्त दिया जाएगा।
- हर व्यक्ति को हेल्थ कार्ड देंगे जिसमें उसकी हर जानकरी दर्ज होगी।
- 16000 मोहला क्लीनिक खोले जाएंगे। हर गांव में मोहल्ला क्लीनिक होगा। सरकारी अस्पतालों को ठीक किया जायगा।
- बड़े स्तर पर नए अस्पताल खोले जाएंगे और किसी का रोड एक्सीडेंट होने पर पूरा इलाज सरकार करवाएगी।
- राजनीतिक समीक्षकों का मानना है कि जिस तरह चंडीगढ़ में फ्री के मॉडल पर मुहर लगी है ठीक उसी तरह पंजाब में भी इसका असर दिखेगा।
चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 वार्ड हैं
नगर निगम चुनाव में इस बार 60 फीसदी वोटिंग हुई थी। इस बार कुल 6 लाख 33 हजार 475 मतदाताओं ने मतदान किया था। यह पिछले चुनाव से थोड़ा ज्यादा है। साल 2016 के चुनाव में 59.5 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया था। साल 2016 में चंडीगढ़ में कुल 26 वार्ड थे। इन्हें अब बढ़ाकर 35 कर दिया गया है।