Big announcement of The HP Congress- सत्ता में आने के पहले ही दिन बहाल होगी पुरानी पेंशन योजना
Big announcement of The HP Congress- हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव को अब कुछ ही महीने शेष बचे हैं। ऐसे में राज्य में राजनीतिक माहौल धीरे-धीरे गर्माने लगा है और राजनीतिक दल
मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए हर तरकीब अपनाने लगे हैं। इसी कड़ी में आज राज्य के सबसे बड़े विपक्षी दल कांग्रेस ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि पार्टी के सत्ता में आने के पहले ही दिन राज्य में कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल कर दी जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने आज शिमला में एक पत्रकार वर्ता में कहा कि कांग्रेस का चुनाव घोषणा पत्र सरकार का नीतिगत दस्तावेज होगा और सत्ता में आने पर इसको अक्षरश: लागू किया जाएगा।
Big announcement of The HP Congress
प्रतिभा सिंह ने कहा कि पार्टी के चुनाव घोषणा पत्र पर काम शुरू हो चुका है और यह पूरी तरह से जनता की समस्याओं और सुझावों पर केंद्रित होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव घोषणा पत्र में जनता के सभी समस्याओं को शामिल किया जाएगा और पार्टी के सत्ता में आने पर इन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। प्रतिभा सिंह ने ये भी कहा कि कांग्रेस का चुनाव घोषणा पत्र 35 वर्गों पर फोकस करके बनाया जा रहा है और इसके लिए जनता से सुझाव व समस्याएं भी मांगी गई हैं।
जनता की आवाज होगा घोषणा पत्र
कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने इस मौके पर कहा कि पार्टी का चुनाव घोषणा पत्र जनता की आवाज होगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और झारखंड में कांग्रेस सरकारें पुरानी पेंशन योजना को लागू कर चुकी हैं और अब हिमाचल की बारी है। कांग्रेस ने आज प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से पार्टी में एकजुटता का संदेश दिया। कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के पत्रकार वार्ता में मुकेश अग्निहोत्री के अलावा पार्टी के केंद्रीय सह प्रभारी संजय दत्त, सुखविंद्र सिंह सुक्खू, सुधीर शर्मा, धनीराम शांडिल, आशा कुमारी, रामलाल ठाकुर, आशीष बुटेल, रोहित ठाकुर, पवन काजल, राजेंद्र राणा, विनय कुमार और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।